नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र में वंदे मातरम पर चर्चा सोमवार 8 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से की जाएगी। चर्चा के लिए 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है और प्रधानमंत्री मोदी बहस की शुरुआत करेंगे। वहीं, चुनाव सुधारों (SIR) पर चर्चा मंगलवार 9 दिसंबर को दोपहर 12 बजे होगी; चर्चा के लिए 10 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बुधवार, 10 दिसंबर को इसका उत्तर देंगे।
वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में होगी चर्चा
एक वरिष्ठ सांसद ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विस्तृत और विशेष चर्चा होगी। यह चर्चा संसद के शीतकालीन सत्र का एक प्रमुख आकर्षण होने की उम्मीद है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम की भूमिका और समकालीन भारत में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगी।
वंदे मातरम पहली बार 7 नवंबर 1875 को बंगदर्शन में प्रकाशित हुआ था
बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित ‘वंदे मातरम’ पहली बार 7 नवंबर, 1875 को साहित्यिक पत्रिका ‘बंगदर्शन’ में प्रकाशित हुआ था। बाद में, बंकिम चंद्र चटर्जी ने इस भजन को अपने अमर उपन्यास ‘आनंदमठ’ में शामिल किया, जो 1882 में प्रकाशित हुआ। इसे रवींद्रनाथ टैगोर ने संगीतबद्ध किया था। यह राष्ट्र की सभ्यतागत, राजनीतिक और सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न अंग बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक वर्ष तक चलने वाले समारोह का उद्घाटन किया था।
SIR पर सरकार और विपक्ष के बीच टक्कर
बता दें कि इससे पहले एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा की विपक्ष की मांग को लेकर आज राज्यसभा में सरकार और विपक्ष के बीच लगातार गतिरोध जारी रहा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। विपक्षी दलों ने मांग की कि SIR पर चर्चा को अन्य कार्यों की तुलना में प्राथमिकता दी जाए, जबकि रीजीजू ने कहा कि वंदे मातरम पर चर्चा पहले होगी।
