वियतनाम में 22 जून से 27 जून तक आयोजित हुई एशियन चैंपियनशिप
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ से मान्यता प्राप्त संस्था इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ म्यू थाई एसोसिएशन (आई.एफ.एम.ए) द्वारा थाई गुयेन वियतनाम में आयोजित एशियन म्यू थाई चैंपियनशिप में भारत के खिलाड़ियों ने 20 पदक जीतकर कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एशियन म्यू थाई चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का अपने आवास पर स्वागत किया। एशियन म्यू थाई चैंपियनशिप में भारतीय खिलाडियों ने तीन रजत और 17 कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक जीते।
यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज वर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एशियन म्यू थाई चैंपियनशिप का आयोजन 22 जून से 27 जून 2025 तक थाई गुयेन वियतनाम में हुआ था। भारत के 25 सदस्यीय दल ने यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इंडिया के महासचिव श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में भाग लिया और बीस पदकों के साथ भारतीय टीम स्वदेश लौटी। टीम कोच बाला शेट्टी और मैनेजर आशुतोष दाधीच भारतीय दल में शामिल थे। गौरतलब है हाल ही में अंटालिया टर्की में आयोजित सीनियर वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप में भी भारत के म्यू थाई खिलाडियों ने तीन कांस्य पदक जीत कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई थी।
एशियन यूथ गेम्स 2025 बहरीन में म्यू थाई खेल के शामिल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यूनाइटेड म्यू थाई एसोसिएशन इण्डिया के महासचिव श्रीराम चौधरी ने कहा है कि बहरीन में होने वाले एशियन यूथ गेम्स में भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे। इस बीच भारतीय म्यू थाई खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ म्यू थाई एसोसिएशन के महासचिव स्टीफन फॉक्स और एफएएमए महासचिव मरवयन तान ने कहा कि सीनियर वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप और एशियन म्यूथाई चैंपियनशिप में भारत के म्यू थाई खिलाडियों का प्रदर्शन शानदार रहा। यह प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि भारत में म्यू थाई खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है बल्कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी बना रहा है।

10 जून से 14 जून 2025 तक हरियाणा के रोहतक में आयोजित राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप में देश के 28 राज्य और तीन केंद्र शासित राज्यों के 13 सौ से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गो में भाग लिया। म्यू थाई एसोसिएशन हरियाणा के महासचिव सोमबीर वशिष्ट ने बताया कि राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप में हरियाणा की टीम ने प्रथम, राजस्थान की टीम ने दूसरा और उत्तर प्रदेश ने तीसरा स्थान प्राप्त किया । राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप के दौरान भारतीय म्यू थाई टीम का भी चयन किया गया। इस प्रतियोगिता में एआइओ के ऑब्ज़र्वर के रूप में मंजीत सिंह , उपाध्यक्ष हरियाणा ओलंपिक संघ डिप्टी डायरेक्टर विजिलेंस हरियाणा शासन उपस्थित थे। वही समापन समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव डॉ अलकनन्दा अशोक और हरियाणा स्पोर्ट्स कॉउन्सिल के निर्देशक डॉ अशोक उपस्थित थे।
गौरतलब है कि म्यू थाई खेल वर्तमान में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया एवं अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति से मान्यता प्राप्त खेल है। विश्व खेल विश्व यूनिवर्सिटी खेलों विश्व मिलिट्री खेलों में शामिल इस खेल को बहरीन में होने जा रहे एशियन यूथ गेम्स 2025 में भी शामिल कर लिया गया। म्यू थाई और राम भक्त हनुमान के बीच एक दिलचस्प संबंध है। म्यू थाई के कुछ प्रतीकों और कहानियों में खास कर लिंग लोम नामक एक पारंपरिक लड़ाई शैली में हनुमान की छवि देखी जा सकती है यह संबंध म्यूथाई को हिंदू पौराणिक कथाओं से जोड़ता है जहां हनुमान को रामायण में राम के एक समर्पित साथी के रूप में दिखाया गया है। म्यू की एक पारंपरिक लड़ाई शैली लिंग लोम हिंदू पौराणिक कथाओं से प्रेरित है।इस शैली में म्यू थाई के लड़ाके पारंपरिक रूप से युद्धरत देवताओं की भूमिका निभाते हैं जिनमें से एक हनुमान भी है।